देवघर में भाजपा ने राहुल गांधी का फूंका पुतला, जंतर-मंतर घटना को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
देवघर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने
प्रदेशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को देवघर में कांग्रेस नेता राहुल
गांधी का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल
गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जंतर-मंतर पर हुई घटना को लेकर कांग्रेस पर
निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा के बाद छात्रों के आंदोलन की आड़ में जंतर-मंतर पर अराजक
माहौल बनाने का प्रयास किया गया। उनका कहना था कि राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं
ने देश और दिल्ली का माहौल खराब करने की कोशिश की। भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों को आगे कर
दिल्ली पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति पैदा की गई। उन्होंने इसे
लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए राहुल गांधी की भूमिका की आलोचना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश में अस्थिरता का माहौल बनाने
की राजनीति कर रहे हैं। इसी के विरोध में भाजपा ने प्रदेश स्तर पर पुतला दहन
कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद
रहे और उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।














