हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/2019 में वर्षों से फरार चल रहे टीपीसी के एरिया कमांडर समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह मामला कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में आगजनी और हाईवा वाहन में आग लगाने की घटना से संबंधित है।पुलिस के अनुसार, कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/2019 वादी शिव प्रसाद के फर्दबयान के आधार पर दर्ज किया गया था। मामले में आगजनी, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।इस कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस पूर्व में भी निशांत, कपिल, अविनाश सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी। हालांकि, कुछ अभियुक्त लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय हजारीबाग के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार, निवासी पचमू, थाना हंटरगंज, जिला चतरा शामिल है। पुलिस के अनुसार वह टीपीसी का एरिया कमांडर है। वहीं दूसरा गिरफ्तार आरोपी गिरेन्द्र, निवासी दुआरी, थाना गिद्धौर, जिला चतरा है।पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार के खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। वहीं गिरेन्द्र के खिलाफ भी डकैती, मारपीट, रंगदारी और अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी दी गई है।इस कार्रवाई में कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक बिरजा कुजूर, आरक्षी राम स्वरूप दांगी, आरक्षी थानेश्वर रविदास और चालक नंदलाल कुमार शामिल रहे।पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।