छतरपुर: श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान (SKIPA), रांची में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद छतरपुर नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान हुसैनाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय कुमार भारती भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान दोनों नगर पंचायत अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं, लंबित विकास कार्यों और आवश्यक विकास योजनाओं से मंत्री को अवगत कराया। छतरपुर नगर पंचायत में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, स्वीकृत योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और नए विकास कार्यों को गति देने को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई।

विकास योजनाओं को लेकर हुई चर्चा

नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने छतरपुर नगर क्षेत्र की जरूरतों और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वीकृत योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नगर अध्यक्ष का पद केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता के प्रति एक संकल्प है। छतरपुर के विकास के लिए नगर स्तर के साथ-साथ सरकार और संबंधित विभागों के स्तर पर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक विकास योजनाएं नगर तक पहुंचें और उनका लाभ आम लोगों को मिल सके।

मंत्री ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दोनों नगर अध्यक्षों की ओर से रखी गई समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुलाकात के बाद नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा, “छतरपुर बदलेगा और विकास की रफ्तार बढ़ेगी। जहां आवश्यकता होगी, वहां आवाज उठेगी और जहां विकास की संभावना होगी, वहां पूरी ताकत से पहल की जाएगी।”

उन्होंने कहा कि छतरपुर को बेहतर, सुंदर, सुविधायुक्त और विकसित नगर बनाना उनका लक्ष्य है। इस दिशा में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।