गुमला: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को घाघरा थाना के पास विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) सतेन्द्र महतो के निर्देश पर चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुल 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

घाघरा थाना के पास लगाया गया चेकनाका

अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक (MVI) रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप कुमार तिर्की ने किया। थाना प्रभारी और जांच दल के सहयोग से घाघरा थाना के सामने चेकनाका लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।

अचानक हुई जांच से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों के दस्तावेजों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों की भी जांच की।

बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग पर कार्रवाई

जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और ट्रिपल राइडिंग करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव की भी जांच की गई।

परिवहन विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि उन लापरवाहियों पर रोक लगाना है, जो सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।

जरूरी दस्तावेजों की भी हुई जांच

वाहनों की जांच के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) और रोड टैक्स सहित जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप कुमार तिर्की ने पकड़े गए वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन को लेकर समझाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही चालक के साथ-साथ दूसरे लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिला परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि घर से निकलते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें।