हजारीबाग की खेल प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी (आर्चरी) प्रतियोगिता में हजारीबाग की होनहार खिलाड़ी सपना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

सपना कुमारी की इस उपलब्धि से न सिर्फ हजारीबाग  बल्कि पूरा झारखंड गौरवान्वित हुआ है। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए उन्होंने अपने सटीक निशाने और बेहतरीन प्रदर्शन से यह सफलता हासिल की।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर घर लौटने पर सपना कुमारी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी सह जदयू नेता राकेश गुप्ता ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई और शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

राकेश गुप्ता ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना सपना कुमारी की कड़ी मेहनत  अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

उन्होंने आगे उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सपना कुमारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करेंगी।

सपना कुमारी की इस उपलब्धि के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। लगातार लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।