डैम में डूबने से युवक की मौत
रामगढ़ जिले के बासल-अरसाहा हेसला स्थित डैम में रविवार को नहाने के
दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक
की पहचान लोहरदगा जिले के 24
वर्षीय शशि उरांव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शशि उरांव अपने
पांच दोस्तों के साथ पतरातु डैम क्षेत्र के मूरकटी गांव स्थित अपने परिचित गौरव
उरांव के घर आया था। इसी दौरान सभी दोस्त घूमने और नहाने के लिए बासल-अरसाहा हेसला
डैम पहुंचे। नहाने
के दौरान अचानक शशि उरांव गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। कुछ देर बाद जब
दोस्तों को वह दिखाई नहीं दिया तो सभी ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद
उसे पानी से बाहर निकाला गया। मौके
पर मौजूद दोस्तों के अनुसार
पानी से निकालने के बाद शशि उरांव की
सांसें चल रही थीं। उसे बचाने के लिए लगभग 15
बार सीपीआर (CPR) देने
का प्रयास किया गया। इसके बाद आनन-फानन में उसे भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल ले जाया
गया। अस्पताल
में जांच के बाद चिकित्सकों ने शशि उरांव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना
मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बताया
जा रहा है कि समाचार लिखे जाने तक मृतक के दोस्तों द्वारा उसके परिजनों को घटना की
जानकारी नहीं दी गई थी। वहीं पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आगे की कार्रवाई
में जुटी हुई है। गौरतलब
है कि गर्मी के मौसम में डैम और जलाशयों में नहाने के दौरान लगातार हादसे सामने आ
रहे हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने और सावधानी बरतने की
अपील की जाती रही है।














