राँची जिले के सोनाहातु थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे एक दंपती को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जेके एंटरप्राइजेज का ट्रक संख्या JH 09AA-3476 ओवरलोड गिट्टी लेकर दुलमी गांव की ओर जा रहा था।इसी दौरान बोंगादार दुलमी मार्ग पर सड़क किनारे चल रहे बागमुंडी थाना क्षेत्र के एक दंपती को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद कई बार 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया लेकिन समय पर एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।इसके बाद स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन दूल्हे की गाड़ी से सिंहपुर नरसिंह होम पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और विरोध प्रदर्शन किया।लोगों का आरोप है कि इलाके में ओवरलोड वाहनों का संचालन खुलेआम हो रहा है लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है।सूचना मिलने के बाद सोनाहातु पुलिस मौके पर पहुंची और ओवरलोड गिट्टी लदे ट्रक को जब्त कर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।