साहिबगंज में कांग्रेस द्वारा पुतला दहन
साहिबगंज में पेट्रोल डीजल और सीएनजी की
लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
रेलवे स्टेशन चौक पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान की अध्यक्षता में
कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।विरोध
प्रदर्शन की शुरुआत कांग्रेस जिला कार्यालय से हुई, जहां से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस
निकाला। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रेलवे स्टेशन चौक पहुंचा।इस
दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई वापस लो और जनता पर अत्याचार बंद करो जैसे नारे लगाए।स्टेशन
चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को आम
जनता पर आर्थिक बोझ बताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।इसके बाद
प्रतीकात्मक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया
गया।जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से
आम आदमी की कमर टूट गई है।उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगा होने से परिवहन
खर्च बढ़ा है, जिससे
खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं।कांग्रेस
नेताओं ने केंद्र सरकार से तत्काल मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की।














