बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर 12ए काली मंदिर के पास अतिक्रमण हटाने गई बोकारो स्टील प्लांट BSL सिक्योरिटी विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने पथराव कर दिया। इस हमले में दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार सेक्टर 12ए काली मंदिर के समीप खाली जमीन पर कुछ लोग झोपड़ीनुमा घर बनाकर अतिक्रमण कर रहे थे। इसे रोकने के लिए बोकारो स्टील के सिक्योरिटी विभाग के अधिकारी और होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे थे।इसी दौरान अतिक्रमणकारियों ने आक्रोशित होकर सिक्योरिटी टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और अधिकारी तथा सुरक्षाकर्मी जान बचाकर वहां से भागे।पत्थरबाजी की इस घटना में होमगार्ड जवान अकरम अंसारी और बबलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन ने पहले बोकारो एयरपोर्ट बाउंड्री वॉल से सटे अतिक्रमण को हटाया था। वहां से हटाए गए लोग अब सेक्टर 12ए क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रहने की कोशिश कर रहे थे।