हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स STF  ने कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। STF ने करीब 4 बीघा निजी भूमि पर उगाए गए 1 लाख 37 हजार से अधिक अफीम के पौधों को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार STF कुल्लू को बंजार तहसील के बठाहड़ और शलिंगचा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही STF की दो विशेष टीमों का गठन किया गया और मौके पर दबिश दी गई। तलाशी अभियान के दौरान निजी भूमि पर बड़े स्तर पर अफीम की खेती पाई गई। STF के डीएसपी Hemraj Sharma ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 1 32 787 अफीम के पौधे बरामद किए गए  जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में थाना बंजार में NDPS एक्ट के तहत दो अलग अलग केस दर्ज किए गए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में सूखे नशे और चिट्टे की बढ़ती समस्या को देखते हुए नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। STF कुल्लू अब तक करीब 25 बीघा भूमि पर उगाई गई 6 25 463 से अधिक अफीम के पौधों को नष्ट कर चुकी है। वहीं अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अब तक 9 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। हिमाचल पुलिस ने प्रदेशवासियों खासकर युवाओं से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे  चिट्टे या अवैध खेती से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।