पंजाब गुरदासपुर जमीन विवाद में डबल मर्डर
पंजाब
के गुरदासपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है
जहां नौ एकड़ पैतृक जमीन के विवाद ने दो जिंदगियां छीन लीं।
गुरदासपुर के नैनेकोट गांव में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और भाभी की गोली मारकर
हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल
कौर के रूप में हुई है। वहीं आरोपी बड़े भाई का नाम अमरजीत सिंह उर्फ अंबा बताया
गया है। यह वारदात मंगलवार देर शाम काहनूवान थाना क्षेत्र में हुई। परिजनों और गांव
वालों के मुताबिक तीनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक
जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार पहले टाटा नगर झारखंड में रहता था लेकिन बाद में अपने पैतृक गांव नैनेकोट
लौट आया था। पिछले एक साल में कई पंचायतें भी हुईं लेकिन
नौ एकड़ जमीन के बंटवारे पर कोई सहमति नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि आरोपी अमरजीत सिंह
ने पहले गांव के बाहर पोल्ट्री फार्म के पास अपने छोटे भाई अजायब सिंह को गोली
मारी। उस समय वह सैर कर रहे थे। इसके बाद आरोपी घर पहुंचा और अंदर मौजूद कमल कौर
को भी गोली मार दी। घटना के समय दंपति के दोनों बेटे घर पर नहीं थे। एक बेटा
ऑस्ट्रेलिया में रहता है जबकि दूसरा बिहार में नौकरी करता है। वारदात की सूचना
दोनों को दे दी गई है। सूचना मिलते ही भैणी मियां खान थाने की
पुलिस और डीएसपी कुलवंत सिंह मान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों
को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में हत्या
की वजह जमीन विवाद ही सामने आई है। पुलिस ने आरोपी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार
कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।















