कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जिले की बेटी मीसा सिंह को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें उनके नवाचार और सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित करेंगी। इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

कौन हैं मीसा सिंह

मीसा सिंह कटिहार जिले के सदर प्रखंड के छीटाबाड़ी गांव की निवासी हैं। उन्होंने किशनगंज से एमएससी (एग्रीकल्चर) की पढ़ाई की है। वर्ष 2023 से वह अपने स्टार्टअप के माध्यम से लॉजिस्टिक्स, मार्केटिंग और ट्रांसपोर्टेशन के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं।

उनका मुख्य उद्देश्य जल्द खराब होने वाले खाद्य पदार्थों, विशेषकर मछली और अन्य नाशवान उत्पादों, के सुरक्षित परिवहन के लिए कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड ट्रकों के उपयोग को बढ़ावा देना है।

इस काम के लिए मिलेगा सम्मान

मीसा सिंह को उनके स्टार्टअप के जरिए मछलियों के सुरक्षित संरक्षण और परिवहन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए राष्ट्रपति भवन से सम्मान का न्योता मिला है। उनके प्रयासों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, नुकसान कम करने और उपभोक्ताओं तक ताजा उत्पाद पहुंचाने में मदद मिल रही है।

कोल्ड चेन सिस्टम पर दिया जोर

मीसा सिंह का कहना है कि देश और विदेश से आने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता अक्सर मजबूत कोल्ड चेन व्यवस्था के अभाव में प्रभावित होती है। यदि परिवहन और भंडारण में आधुनिक कोल्ड चेन सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जाए तो मछली सहित अन्य खाद्य पदार्थों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और खाद्य अपव्यय भी कम होगा।

बिहार से अकेली प्रतिभागी

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष देश के केवल पांच राज्यों के प्रतिभागियों को इस सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें असम, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश (वाराणसी), ओडिशा और बिहार शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि बिहार से केवल कटिहार की मीसा सिंह का चयन हुआ है, जिसे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।