लोहरदगा के बीएस कॉलेज क्रिकेट मैदान के आधुनिकीकरण पर बनी सहमति
लोहरदगा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड के समग्र विकास, खेल, पर्यटन और विशेष रूप से लोहरदगा जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लोहरदगा के बीएस कॉलेज क्रिकेट मैदान के आधुनिकीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री के समक्ष मैदान में फ्लड लाइट, अत्याधुनिक पवेलियन, दर्शक दीर्घा (गैलरी) और अन्य आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि बीएस कॉलेज का क्रिकेट मैदान लंबे समय से लोहरदगा और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यदि यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित होती हैं, तो भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और जिले में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। मुलाकात के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ उनकी सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि राज्य के विकास, खेल और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ तथा लोहरदगा के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लोहरदगा में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में उन्हें अपेक्षित मंच नहीं मिल पाता। बीएस कॉलेज क्रिकेट मैदान में आधुनिक सुविधाएं विकसित होने से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा, "धीरू बाबू मेरे बड़े भाई हैं। उनकी सभी बातों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया है। जिन प्रस्तावों पर चर्चा हुई है, उनके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि धीरज प्रसाद साहू का राज्य के विकास, खेल और सामाजिक क्षेत्र में योगदान महत्वपूर्ण रहा है तथा उनके सुझाव झारखंड के विकास में उपयोगी साबित होंगे। राजनीतिक और खेल जगत में इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि यदि प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरती हैं, तो बीएस कॉलेज क्रिकेट मैदान आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और लोहरदगा राज्य के खेल मानचित्र पर एक नई पहचान बना सकेगा। साथ ही इससे युवाओं को बेहतर खेल वातावरण और बड़े आयोजनों का लाभ भी मिलेगा।















