दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के दोघरा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले युवक ने अपनी प्रेमिका को फोन कर जहर खाने की जानकारी दी और उसके WhatsApp पर जहर की बोतल की तस्वीर भी भेजी।

मृतक की पहचान अशरफ के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

चार-पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मृतक की मां गौसिया खातून ने बताया कि अशरफ का गांव की ही एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उनके मुताबिक, अगस्त 2024 में युवती के भाई ने अशरफ को पकड़कर उसके साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी भी दी थी।

बताया गया कि इस मामले को लेकर पंचायत हुई थी। पंचायत में कथित तौर पर यह समझौता हुआ था कि चार साल बाद अशरफ और युवती की शादी कराई जाएगी। इसके बाद दोनों मोबाइल फोन पर बातचीत करते थे।

प्रेमिका को फोन कर बताई जहर खाने की बात

घटना के संबंध में प्रेमिका ने बताया कि अशरफ लगातार उससे मिलने के लिए बाहर बुला रहा था। वह मिलने से इनकार कर रही थी। गुरुवार को भी अशरफ लगातार फोन कर रहा था। परेशान होकर युवती ने दोपहर में अपना मोबाइल बंद कर दिया।

युवती के मुताबिक, देर शाम मोबाइल ऑन करने पर उसे कई मिस्ड कॉल दिखाई दिए। इसके बाद उसने अशरफ को फोन किया। फोन पर अशरफ उल्टी कर रहा था और उसने बताया कि उसने जहर खा लिया है।

प्रेमिका के अनुसार, घटना के वक्त अशरफ अपने घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर था। इसके बाद उसने WhatsApp देखा तो अशरफ की ओर से जहर की बोतल की तस्वीर भी भेजी गई थी।

प्रेमिका ने भाई को भेजकर कराया अस्पताल में भर्ती

युवती ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद उसने पहले अशरफ के परिवार वालों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद उसने अपने भाई को अशरफ के पास भेजा।

युवती के भाई ने अशरफ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मां ने लगाया हत्या का आरोप

अशरफ की मौत के बाद उसकी मां गौसिया खातून ने युवती और उसके भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, युवती ने बताया कि उसने अशरफ को जहर खाने के लिए नहीं कहा था और जानकारी मिलने के बाद उसने अपने भाई को उसकी मदद के लिए भेजा था।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।