मुजफ्फरपुर जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पानापुर करियात थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियार कारतूस और लूट की रकम के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पानापुर करियात थाना क्षेत्र निवासी रवि रंजन कुमार और समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र निवासी राजन कुमार के रूप में हुई है।

फसियरवा चौक के पास पुलिस ने की घेराबंदी

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पानापुर करियात थाना पुलिस ने फसियरवा चौक से रौतिनिया जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे दोनों युवकों को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।

उर्दू स्कूल के पास हुई 62 हजार की लूट का खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने थाना क्षेत्र के उर्दू स्कूल के पास हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने कबूल किया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति से करीब 62 हजार रुपये लूटे थे। पुलिस ने पीड़ित से पहचान परेड कराई  जिसमें दोनों अपराधियों की पहचान की पुष्टि हो गई।

हथियार  बाइक और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा  एक जिंदा कारतूस  वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल लूटी गई रकम में से 3950 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

डीएसपी पश्चिमी-वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे पहले किन-किन अपराधों में शामिल रहे हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।