बिहार के नालंदा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। भागनबीघा ओपी थाना क्षेत्र के तूफानगंज गांव में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बचु पासवान करीब 48 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक उनका बड़ा बेटा पवन पासवान लंबे समय से बाहर रहकर काम करता था और बुधवार को घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि पवन पासवान ने गुस्से में आकर अपने पिता के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही बचु पासवान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल लेकर पहुंचे  जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि पवन पासवान घर के बंटवारे और संपत्ति को लेकर संतुष्ट नहीं था। इसी विवाद के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। सूचना मिलते ही भागनबीघा ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी  2 संजय जायसवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।