पीएम मोदी के न्योते पर भारत आएंगे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन, 5 से 7 अक्टूबर तक रहेगा दौरा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन 5 से 7 अक्टूबर 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, विज्ञान, तकनीक, नवाचार, शिक्षा और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। यह इस साल राष्ट्रपति पार्मेलिन का भारत का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल हुए थे। स्विट्जरलैंड सरकार के अनुसार, 5 अक्टूबर को राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बातचीत में भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक संबंधों, स्विस निवेश, शिक्षा, रिसर्च, इनोवेशन और माइग्रेशन समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा करेंगे। राष्ट्रपति पार्मेलिन के साथ कारोबार और अकादमिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। यात्रा के दौरान भारतीय सरकार और कारोबारी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं। इस यात्रा का एक प्रमुख कार्यक्रम 7 अक्टूबर को होने वाला दूसरा India-EFTA Prosperity Summit है। यह आयोजन भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच Trade and Economic Partnership Agreement (TEPA) के लागू होने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है। TEPA 1 अक्टूबर 2025 से प्रभावी हुआ था। समिट में भारत और EFTA देशों के सरकारी तथा कारोबारी प्रतिनिधि निवेश और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। EFTA में स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिकटेंस्टीन शामिल हैं। स्विट्जरलैंड सरकार के अनुसार, 6 अक्टूबर को राष्ट्रपति पार्मेलिन भारतीय सरकार के सदस्यों के साथ बैठकें करेंगे। उनके कार्यक्रम में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा भी शामिल है, जिसका संचालन ज्यूरिख एयरपोर्ट की एक सहायक कंपनी करती है। इसके अलावा विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक और वैज्ञानिक सहयोग से जुड़े एक उच्चस्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है। भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक और वैज्ञानिक सहयोग लंबे समय से जारी है। स्विट्जरलैंड सरकार के मुताबिक, वर्तमान में 330 से अधिक स्विस कंपनियां भारत में सक्रिय हैं। दोनों देशों के बीच विज्ञान, नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग है। फरवरी 2026 में भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति पार्मेलिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-स्विट्जरलैंड व्यापार संबंधों और EFTA-भारत समझौते के लागू होने के बाद आर्थिक सहयोग की प्रगति पर चर्चा की थी।5 अक्टूबर को पीएम मोदी से होगी द्विपक्षीय बातचीत
7 अक्टूबर को India-EFTA Prosperity Summit
6 अक्टूबर को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा
भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों पर रहेगा जोर














