जामताड़ा: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर उदलबनी स्थित वृद्धाश्रम में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों के स्वास्थ्य, सम्मान और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

इस अवसर पर उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले के सभी वृद्धजनों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को निरंतर सीख और प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों का भी अभिन्न हिस्सा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना तथा उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति समाज को जागरूक करना रहा।