नई दिल्ली: ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत 1 अक्टूबर को देशभर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान चलाया गया। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कमला नेहरू रिज में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और लोगों के साथ श्रमदान किया। उन्होंने इलाके में चल रहे साफ-सफाई और मरम्मत कार्यों का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने सफाई अभियान में हिस्सा लेते हुए सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा की आदत और जिम्मेदारी बनाया जाना चाहिए। अभियान के बाद भी लोगों को सार्वजनिक जगहों पर साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़ा नहीं फैलाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

कमला नेहरू रिज में किया श्रमदान

रेखा गुप्ता ने कमला नेहरू रिज में कर्मचारियों और अन्य लोगों के साथ मिलकर सफाई अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने इलाके में चल रहे सफाई और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण भी किया। दिल्ली में अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

देशभर में एक साथ हुआ श्रमदान

‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का हिस्सा है। केंद्र सरकार के अनुसार, 1 अक्टूबर को सुबह 8 से 9 बजे तक देशभर में एक साथ स्वैच्छिक श्रमदान और स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई को लगातार बनाए रखना है।

स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान की शुरुआत सितंबर में हुई थी और इस वर्ष इसका थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखा गया है।

पांच प्रमुख क्षेत्रों पर जोर

अभियान में पांच प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है। इनमें स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और सार्वजनिक स्थानों में सुधार, युवाओं की भागीदारी, सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान, जनभागीदारी और कचरे से संसाधन बनाने की पहल शामिल है।