कोडरमा डोमचांच: कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत फुलवरिया निवासी अजय विश्वकर्मा ने स्केटिंग के जरिए करीब 21 हजार किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी कर एक अनोखी उपलब्धि हासिल की है। अजय ने अपनी इस यात्रा के दौरान देश के 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।

करीब एक साल से अधिक समय तक घर से दूर रहकर पूरी की गई इस यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन करना नहीं था, बल्कि देशभर में युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना भी था।

यात्रा पूरी कर डोमचांच लौटने पर शहीद चौक में अजय विश्वकर्मा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष सुजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने अजय का स्वागत और सम्मान करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।

नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने अजय के साहस और जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि इतनी लंबी दूरी स्केटिंग के जरिए तय करना असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अजय ने अपने प्रयास से युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।

अजय विश्वकर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान वे अलग-अलग राज्यों और शहरों में लोगों से मिले और उन्हें नशामुक्ति का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की।

अजय ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। अजय ने स्पष्ट किया कि यात्रा पूरी होने के बाद भी उनका नशामुक्ति अभियान और जागरूकता संदेश जारी रहेगा।