पाकुड़: पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर परिषद के वार्ड नंबर 5 स्थित हाटपाड़ा हटिया परिसर में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।

नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल और उपाध्यक्ष राणा ओझा ने नारियल फोड़कर एवं पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। करीब 3 लाख 76 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र में सड़क की स्थिति बेहतर होने के साथ जल निकासी की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद के कई वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मौके पर निभा देवी, राखी सरदारनी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, विमल चंद्र राउत, राजा अंसारी, गुड्डू कुमार भगत और रियाज अंसारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क और नाला जैसी बुनियादी सुविधाएं किसी भी विकसित शहर की आवश्यक जरूरत हैं। हाटपाड़ा क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्या को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे। उन्होंने सड़क, नाला, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की बात कही।

उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम करने तथा तय समय सीमा में योजना पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हाटपाड़ा हटिया परिसर में सड़क और नाला निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सड़क की खराब स्थिति और समुचित जल निकासी नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती थी। इससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। मोहल्लेवासियों ने नगर परिषद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की समस्या भी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।

शिलान्यास के अवसर पर कनीय अभियंता बिमल कुमार, हिसाबी राय, सुरेश अग्रवाल, आनंद मंडल, रियाज अंसारी, संवेदन, दिपेंद्र नाथ दूबे, अमित कुमार चौधरी और देवाशीष यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।