गिरिडीह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के नगर शहरी क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया के वार्ड नंबर 15 और 16 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष सिंकु सिन्हा, भाजपा नेत्री गुड़िया देवी और वार्ड पार्षद पूजा कुमारी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सुरेश साव शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और पोषण सखी दीदियों को साड़ी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेवा, सम्मान और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेश साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, वंचित, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए विकसित भारत के संकल्प की बात कही।

सुरेश साव ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सेवा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करना और समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना है।

हेमंत सरकार पर लगाए आरोप

कार्यक्रम के दौरान सुरेश साव ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने गरीबों को आवास और राशन उपलब्ध कराने को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार कई मोर्चों पर विफल रही है और युवाओं से किए गए वादों के अनुरूप काम नहीं हुआ है। सुरेश साव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचा रहे हैं तथा विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कर रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा नगर महामंत्री अनिल सिंह, राजेश जायसवाल, अमित आर्या, पूनम सिन्हा, नीलू सिन्हा, रोहित शर्मा, आदित्य यादव, राकेश आर्या, रवि सागर, कार्तिक डंगेईच, मिथुन गोस्वामी, रीता देवी, कंचन देवी, प्रवीन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।