गिरिडीह जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद गिरिडीह सांसद चन्द्रप्रकाश चौधरी जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी डुमरी विधायक जयराम महतो बगोदर विधायक नागेंद्र महतो तथा महापौर परमिला मेहरा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना जल जीवन मिशन, मनरेगा सड़क निर्माण स्वास्थ्य शिक्षा कृषि विद्युत आपूर्ति एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं। डुमरी विधायक जयराम महतो ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताई जबकि जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाया। वहीं बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने सिंचाई और सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं को रखा। गिरिडीह सांसद चन्द्रप्रकाश चौधरी ने अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया जबकि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संतुलित विकास की आवश्यकता बताई। बैठक में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा पर भी चर्चा हुई। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जानकारी दी। वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने लंबित योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने की बात कही।बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।