पलामू मेदिनीनगर जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए मेदिनीनगर के छह मुहान पर स्थापित प्याऊ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवक की भूमिका निभाते हुए बच्चों और राहगीरों को अपने हाथों से ठंडा पेयजल परोसा।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने लोगों को स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने अपील की कि पानी पीने के बाद उपयोग किए गए गिलास को इधर-उधर नहीं फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थान पर रखें ताकि स्वच्छता बनी रहे और पर्यावरण सुरक्षित रहे।उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को जनसेवा की भावना से आगे आना चाहिए और स्वयंसेवक बनकर समाजहित में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं ताकि समाज में सेवा सहयोग और स्वच्छता की भावना को और मजबूत किया जा सके।