झरिया पाथरडीह कोल वाशरी वेल्डिंग मशीन विस्फोट तीन मजदूर घायल
झरिया: धनबाद जिले के झरिया
स्थित पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग
का काम करते समय अचानक मशीन फटने से तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद वाशरी परिसर
में अफरातफरी मच गई।जानकारी के अनुसार,
पाथरडीह कोल वाशरी में एसीबी कंपनी के
पेटी ठेकेदार आरके कंस्ट्रक्शन
की ओर से बीसीसीएल के निर्माण कार्य से
संबंधित काम कराया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग का काम करते समय अचानक मशीन में
विस्फोट हो गया।विस्फोट की चपेट में आने से तीन मजदूर घायल हो गए। स्थानीय मजदूरों
और कंपनी अधिकारियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चासनाला सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की गंभीर
स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। वहीं तीसरे घायल
मजदूर का इलाज जारी है। घायलों में शामिल दिलीप यादव गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने
उन्हें आगे बेहतर इलाज के लिए
शहीद निर्मल महतो अस्पताल से बोकारो
बीजीएच रेफर कर दिया। सुरक्षा
मानकों की अनदेखी का आरोप घटना के बाद मजदूर नेता नीताई महतो
ने ठेका कंपनी पर कार्यस्थल पर सुरक्षा
मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मशीनों का उचित रखरखाव नहीं
किया जाता और मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।उन्होंने पूरे
मामले की जांच कराने और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित
करने की मांग की।वहीं घायल मजदूर दिलीप यादव की बहन रेखा देवी ने भी कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता, जिसके कारण इतना बड़ा
हादसा हुआ।रेखा देवी ने घायल दिलीप यादव के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के
साथ-साथ उनके परिवार, पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजा देने की मांग
की।घटना के बाद मजदूरों में भी आक्रोश देखा गया। मजदूरों का कहना है कि कार्यस्थल
पर सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और मशीनों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस
तरह के हादसों को रोका जा सके।














