गुमला: उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, गुमला के निदेशक मंडल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों और वनोपज संग्रहकर्ताओं को मिलने वाले लाभ, प्राकृतिक वनोपज के संग्रहण, विपणन और संघ की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने संघ की स्थापना, उद्देश्य और वर्तमान कार्यप्रणाली की जानकारी दी। बताया गया कि संघ की स्थापना वर्ष 2021 में की गई थी। इसका उद्देश्य जिले में उपलब्ध प्राकृतिक वनोपज और कृषि उत्पादों को किसानों एवं संग्रहकर्ताओं के माध्यम से एकत्र कर उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उचित मूल्य सुनिश्चित करना है।
करंज, लाह, इमली और महुआ समेत कई उत्पाद
बैठक में बताया गया कि जिले के किसान और वनोपज संग्रहकर्ता करंज, करंज बीज, लाह, इमली, रागी, महुआ सहित कई कृषि एवं वनोपज स्थानीय बाजारों में बेचते हैं। उचित बाजार और कीमत की जानकारी के अभाव में कई बार उन्हें अपने उत्पाद का अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता है।
इस पर उपायुक्त ने अधिकारियों को किसानों और वनोपज संग्रहकर्ताओं के बीच संघ की गतिविधियों एवं उससे मिलने वाले लाभों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके उत्पाद की उचित कीमत, उपलब्ध बाजार और संघ के माध्यम से बिक्री की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि बिचौलियों पर निर्भरता कम हो और उनकी आय में वृद्धि हो सके।
पुराने ITDA भवन में बनेगा संघ का कार्यालय
उपायुक्त ने संघ के प्रभावी संचालन के लिए संस्थागत व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। बैठक में संघ का अलग कार्यालय नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुराने ITDA कार्यालय भवन को सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ, गुमला के कार्यालय के रूप में स्थापित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संघ के माध्यम से जिले में उत्पादित और संग्रहित वनोपजों को व्यवस्थित तरीके से बाजार से जोड़ा जाए और किसानों को उनके उत्पाद का अधिकतम संभव उचित मूल्य दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
साथ ही संघ की गतिविधियों को पंचायत और प्रखंड स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक किसानों एवं वनोपज संग्रहकर्ताओं को संघ से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सह प्रबंध निदेशक, सिद्धकोफेड अहमद बेलाल अनवर, जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन, जिला सहकारिता पदाधिकारी माधुरी बेग, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, जिला कृषि पदाधिकारी, तेतरा लैम्पस, सिसई लैम्पस, टोटाम्बी लैम्पस एवं फेपुर लैम्पस लिमिटेड के निर्वाचित निदेशक मंडल के सदस्य सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।















