पाकुड़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जन्मदिन सोमवार को पाकुड़ स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला कार्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो जिलाध्यक्ष एजाजुल इस्लाम ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जिला कार्यालय में जुटे।
जिलाध्यक्ष एजाजुल इस्लाम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक खिलाकर खुशी जताई और मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए।
'झारखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष एजाजुल इस्लाम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
वहीं सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री गरीबों, युवाओं और महिलाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, जिला सचिव माइकल मुर्मू, कार्यकर्ता अब्दुल कादिर शेख समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।














