चतरा जिले के वशिष्ठ जोरी थाना क्षेत्र के पोस्तिया गांव में सोमवार की शाम वज्रपात की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विगेश कुमार के रूप में हुई है। वह पोस्तिया गांव निवासी जादो यादव का पुत्र था।

जानकारी के अनुसार, विगेश कुमार खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई और तेज वज्रपात हुआ। बिजली की चपेट में आने से विगेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया मनोज पासवान और प्रमुख प्रतिनिधि सह राजद नेता कमलेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।