पाकुड़: नगर थाना पुलिस ने गुमटी और एक घर से गैस सिलेंडर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के हरिणडांगा नया टोला स्थित एक घर तथा बड़ी अलीगंज रविंद्र चौक स्थित एक गुमटी का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने गैस सिलेंडर की चोरी की थी। घटना के बाद पीड़ितों ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी के दो गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।















