जामताड़ा: परिवहन विभाग, झारखंड और उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को करमाटांड़ प्रखंड कार्यालय परिसर में ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर आवेदन किया।
शिविर के पहले दिन कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए। दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद आवेदकों का लर्निंग लाइसेंस टेस्ट लिया गया। परीक्षा में सफल 84 अभ्यर्थियों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया, जबकि 32 आवेदक परीक्षा में सफल नहीं हो सके। विभाग ने असफल अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी के साथ दोबारा आवेदन करने की सलाह दी।
ग्रामीणों को मिलेगा घर के पास लाइसेंस की सुविधा
शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और अन्य नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचे। परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से पूरा कराया और आवेदकों का मार्गदर्शन किया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है, इसलिए सभी पात्र नागरिक निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविरों का लाभ उठाएं।
अन्य प्रखंडों में भी लगेंगे विशेष शिविर
परिवहन विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य प्रखंडों और पंचायतों में भी इसी तरह के विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय आए बिना ही ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सुविधाएं मिल सकें।















