मांडर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), झारखंड प्रदेश की ओर से मांडर के ब्राम्बे स्थित जोहार भवन में प्रदेश स्तरीय सदस्यता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आगामी सदस्यता अभियान को प्रभावी बनाने, संगठन की कार्यपद्धति को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रदेश संगठन मंत्री पशुपति उपमन्यु और प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यशाला में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सदस्यता अभियान को बूथ और महाविद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम के व्यवस्था समन्वयक उत्कर्ष तिवारी ने बताया कि मांडर में पहली बार आयोजित इस प्रदेश स्तरीय सदस्यता कार्यशाला का सफल आयोजन सभी दानदाताओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों के सहयोग से संभव हो सका। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।