नई दिल्ली: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड से जुड़े कई अहम मुद्दों पर केंद्रीय गृह मंत्री से चर्चा की। बैठक में JPSC और JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, छात्रों का आंदोलन, कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, अवैध नशे का कारोबार और खनिज संपदा की कथित लूट जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

JPSC-JSSC मामले में CBI जांच की मांग

सांसद मनीष जायसवाल ने गृह मंत्री को बताया कि JPSC और JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितता और सीटों की खरीद-बिक्री के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच को लेकर अभ्यर्थियों और छात्रों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जांच के जरिए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सांसद के अनुसार, यह मामला केवल भर्ती परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके भरोसे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों की मांगों और उनके द्वारा किए जा रहे आंदोलन की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।

कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध का मुद्दा

मुलाकात के दौरान सांसद ने झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने राज्य में कथित रूप से बढ़ रहे संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों का मुद्दा उठाया।

इसके अलावा हजारीबाग, रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में कथित तौर पर बढ़ रहे अवैध नशे के कारोबार पर भी उन्होंने गृह मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।

खनिज संपदा की कथित लूट पर भी चर्चा

सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड की खनिज संपदा के कथित अवैध दोहन और लूट का मुद्दा भी केंद्रीय गृह मंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, राज्य की कानून-व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

सांसद ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ इन सभी विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।