हजारीबाग: बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के पदाधिकारियों ने सोमवार को रांची स्थित राजभवन/लोक भवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय अभियान प्रमुख राजमणि और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर सावंत ने राज्यपाल को हजारीबाग में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव उत्सव की जानकारी दी।
17 से 24 अगस्त तक होगा जनजातीय गौरव उत्सव
अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि हजारीबाग में 17 से 24 अगस्त तक जनजातीय गौरव उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने के साथ महिला उद्यमिता, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
पदाधिकारियों ने राज्यपाल संतोष गंगवार को उत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
राज्यपाल संतोष गंगवार ने जनजातीय गौरव उत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समय उपलब्ध होने पर वे हजारीबाग में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुलाकात के बाद अभियान के पदाधिकारियों ने राज्यपाल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव उत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां जारी हैं और इसे लेकर आयोजकों में उत्साह है।















