कोडरमा: राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), कोडरमा की ओर से 'युवा ऊर्जा मैराथन' का आयोजन किया गया। "दौड़ेगा युवा, जीतेगा भारत" थीम पर आयोजित इस 5 किलोमीटर मैराथन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह 6 बजे श्रीराम चौक, डोमचांच से मैराथन को नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा एवं नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज (अजय साव) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन का समापन हाई स्कूल मैदान में हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एबीवीपी के जिला संयोजक अतुल आनंद ने की, जबकि संचालन रामपुकार भारती ने किया।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

समापन समारोह में नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा, उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज उर्फ अजय साव तथा थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर राजेंद्र मेहता, सुभाष कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, एबीवीपी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिटनेस और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देना है। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर आयोजित इस मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।