देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए देवघर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कांवरिया पथ का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कांवरिया पथ पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और मेला ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के आवासन स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

10 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेले के दौरान करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा RAF (रैपिड एक्शन फोर्स), RAP, डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता, ट्रैफिक पुलिस और अन्य अतिरिक्त सुरक्षा बल भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्रावणी मेले के दौरान लाखों शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी में जुटा हुआ है।