गुमला: शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिले के स्कूलों में ऑनलाइन छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति, नामांकन, आधार सत्यापन और अन्य शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा की गई। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने की, जबकि उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन मौजूद रहे।बैठक के दौरान ई-विद्यावाहिनी में ऑनलाइन छात्र उपस्थिति की समीक्षा की गई। इसमें सामने आया कि जिले के 16 विद्यालयों में पिछले महीने एक भी दिन ऑनलाइन छात्र उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए गुमला सदर के बीपीओ ओमप्रकाश दास का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने सभी प्रखंडों को छात्र उपस्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने और आंकड़ों में पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति पर भी सख्ती

शिक्षक उपस्थिति की समीक्षा में भी लापरवाही सामने आई। कई शिक्षकों द्वारा सुबह ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय से जाने से पहले दूसरी बार उपस्थिति दर्ज नहीं करने की जानकारी मिली। कुछ मामलों में दूसरी जगह से उपस्थिति दर्ज किए जाने की बात भी सामने आई।उप विकास आयुक्त ने सभी शिक्षकों की दोनों समय ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डेटा में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

नामांकन और आधार सत्यापन में तेजी का निर्देश

बैठक में छात्र नामांकन की भी समीक्षा हुई। पिछले वर्ष जिले में करीब 2.16 लाख बच्चों का नामांकन हुआ था, जबकि वर्तमान में अब तक करीब 1.97 लाख बच्चों का नामांकन हुआ है।वहीं करीब 1.41 लाख बच्चों का आधार वेरिफिकेशन कराया जा चुका है। सभी प्रखंडों को नामांकन गैप जल्द पूरा करने, आधार और अपार आईडी से संबंधित कार्य में तेजी लाने तथा स्कूल और शिक्षक प्रोफाइल से जुड़े ऑनलाइन कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।

मध्याह्न भोजन और स्वास्थ्य जांच पर जोर

सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, दैनिक एसएमएस एंट्री नियमित करने, विद्यार्थियों को साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड टैबलेट देने और स्वास्थ्य जांच से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया गया।

आंकड़ों की शुद्धता को लेकर एमआईएस प्रभारी को चेतावनी

उप विकास आयुक्त ने शिक्षा परियोजना के एमआईएस प्रभारी रामचंद्र कुमार सिंह को मासिक समीक्षा बैठकों के लिए सरल और स्पष्ट प्रस्तुति प्रारूप तैयार करने का निर्देश दिया।उन्होंने एमआईएस से प्राप्त आंकड़ों की शुद्धता, विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। सभी बीपीओ को अपने एमआईएस और कंप्यूटर ऑपरेटर से छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति समेत विभिन्न बिंदुओं की प्रतिदिन अद्यतन जानकारी लेने का निर्देश दिया गया।

लंबित राशि के समायोजन का निर्देश

बैठक में वर्षों से लंबित अग्रिम राशि के समायोजन की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को लंबित राशि के शीघ्र सामंजन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरत पड़ने पर सर्टिफिकेट केस करने का निर्देश दिया गया।डीडीसी ने सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने और सभी अद्यतन आंकड़ों एवं रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया।बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, एडीपीओ ज्योति खलखो, एमआईएस प्रभारी रामचंद्र कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के कई पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के बीपीओ, कनीय अभियंता और लेखापाल मौजूद रहे।