गिरिडीह: सरिया प्रखंड के छोटकी सरिया गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात समेत करीब सात लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने वारदात के दौरान घर के एक कमरे को बाहर से बंद कर दिया और अलमारी व छोटे बक्से को तोड़कर सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

कमरे को बाहर से बंद कर दिया

गृहस्वामी राजू मंडल के मुताबिक, चोरों ने उनके पुत्र अनु राज मंडल के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था। इसके बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी और एक छोटे बक्से को तोड़कर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

परिवार के अनुसार अलमारी में करीब 5 हजार रुपये नकद समेत अन्य जेवरात और कीमती सामान रखा था। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

रात ढाई बजे हुई चोरी की जानकारी

परिजनों को घटना की जानकारी रात करीब ढाई बजे हुई। अनु राज मंडल ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद राजू मंडल घर पहुंचे तो देखा कि उनके बेटे का कमरा बाहर से बंद था और दूसरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।

जांच के दौरान चोरी हुआ छोटा बक्सा घर के बाहर खेत में पड़ा मिला।

नशीले स्प्रे के इस्तेमाल का शक, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

घटना के बाद अनु राज मंडल ने सुबह उठने पर तेज सिरदर्द की शिकायत की। इसके आधार पर परिजनों ने आशंका जताई कि चोरों ने घर में किसी नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा, जिससे घर के लोग गहरी नींद में रहे।

हालांकि, नशीले पदार्थ या स्प्रे के इस्तेमाल की पुलिस ने फिलहाल पुष्टि नहीं की है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।