गुमला: एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण की ट्रॉफी सोमवार को गुमला पहुंची। परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ट्रॉफी का जोरदार स्वागत किया गया। ट्रॉफी के आगमन से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान जिले में फुटबॉल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे गुमला में खेल का माहौल बन गया।

उपायुक्त और एसपी ने ट्रॉफी रैली को दिखाई हरी झंडी

समारोह के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा तथा जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बिलाल अनवर ने संयुक्त रूप से डूरंड कप ट्रॉफी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने ट्रॉफी का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

पहली बार झारखंड में होगा डूरंड कप का आयोजन

इस वर्ष पहली बार झारखंड को डूरंड कप की मेजबानी का अवसर मिला है। 26 जुलाई से 10 अगस्त तक रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे। फुटबॉल प्रतिभाओं की धरती माने जाने वाले गुमला में ट्रॉफी का आगमन खेल जगत के लिए विशेष महत्व रखता है।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगी नई प्रेरणा : उपायुक्त

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि डूरंड कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की ट्रॉफी का गुमला आगमन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह जिले की समृद्ध खेल संस्कृति का प्रमाण है और इससे युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने भारतीय सेना और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

खेल परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील

पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने कहा कि गुमला की पहचान खेल नगरी के रूप में रही है। उन्होंने युवाओं से खेलों के प्रति समर्पित रहने और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया।

जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बिलाल अनवर ने भी कहा कि डूरंड कप ट्रॉफी का आगमन जिले की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा और खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि, फुटबॉल प्रेमी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।