झारखंड के कोयलांचल धनबाद की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। फ्लाईओवर निर्माण को लेकर धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो और निरसा के विधायक अरूप चटर्जी के बीच जुबानी जंग अब और तीखी हो गई है।

विधायक अरूप चटर्जी द्वारा सांसद को  जुम्मा-जुम्मा चार दिन का सांसद  बताए जाने पर ढुल्लू महतो ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि फ्लाईओवर निर्माण कार्य में बाधा डाली गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि विधायक अरूप चटर्जी क्षेत्र के विकास में रुचि नहीं रखते और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी वजह से फ्लाईओवर का काम रुका तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना नहीं  बल्कि कंपनियों से कथित तौर पर रंगदारी मांगना रह गया है। हालांकि  इन आरोपों पर विधायक अरूप चटर्जी की ओर से इस बयान के संदर्भ में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए ढुल्लू महतो ने कहा

 मैं अरूप चटर्जी के पिताजी के समय से विधायक रहा हूँ। मेरा राजनीतिक इतिहास लंबा है। अरूप तो अनुकंपा पर राजनीति में आए हैं।

सांसद के इस बयान के बाद धनबाद और निरसा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब निगाहें विधायक अरूप चटर्जी की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं कि वे इन आरोपों और चेतावनी का क्या जवाब देते हैं।