देवघर नगर निगम लापरवाही बाबा मंदिर मार्ग जलजमाव
सावन महापर्व की तैयारियों के बीच देवघर नगर
निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पंडित शिवराम
झा चौक से बाबा बैद्यनाथ मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर
नाले का पानी और क्षतिग्रस्त जलापूर्ति पाइप से लगातार बह रहा पानी सड़क पर फैल
जाने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा
है। स्थानीय लोगों के अनुसार नगर निगम के विशेष सफाई अभियान के दौरान कर्मचारियों की
लापरवाही से जलापूर्ति पाइप क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद से लगातार पानी बह रहा
है जिससे पूरे
मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन गई है। इससे बाबा मंदिर जाने वाले
श्रद्धालुओं का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सावन में लाखों श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की
संभावना के बीच मंदिर मार्ग की यह बदहाल स्थिति नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर
सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय वार्ड पार्षद
शैलजा देवी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते
हुए कहा कि यह गंभीर लापरवाही है। उन्होंने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत जलनिकासी की समुचित
व्यवस्था और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। श्रद्धालुओं ने भी शिकायत की कि मंदिर जाने वाले
प्रमुख मार्ग पर पानी और कीचड़ के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़
रहा है। उन्होंने सावन शुरू होने से पहले समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से कोई
आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।














