बार-बार खराब हो रही थी स्कूटी, गुस्साए युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, सरायढेला-गोविंदपुर रोड पर मचा हड़कंप
धनबाद: सरायढेला-गोविंदपुर मार्ग पर सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक स्कूटी चालक ने अपनी ही स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते स्कूटी धू-धूकर जलने लगी। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्कूटी में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी चालक अपनी गाड़ी के बार-बार खराब होने से परेशान था। बताया जा रहा है कि उसने कई बार शोरूम में तकनीकी खराबी की शिकायत की थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने का उसका आरोप था। सोमवार को स्कूटी दोबारा खराब होने के बाद चालक कथित तौर पर अपना आपा खो बैठा। उसने सड़क किनारे स्कूटी खड़ी की, उसमें पेट्रोल डाला और आग लगा दी। आग लगते ही स्कूटी लपटों से घिर गई। स्कूटी में आग लगने के बाद राहगीर और वाहन चालक सुरक्षित दूरी पर खड़े हो गए। आग और धुएं के कारण सड़क पर कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सामान्य कराया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, स्कूटी चालक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और शोरूम की ओर से उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।बार-बार खराब होने से परेशान था चालक
सड़क पर लगी वाहनों की कतार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल















