रामगढ़ जिले में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को विभिन्न खेल परिसरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधाओं और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सबसे पहले इंडोर स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने खेल प्रेमियों और युवाओं को खेल गतिविधियों से अधिक से अधिक जोड़ने के उद्देश्य से स्टेडियम के प्रवेश शुल्क में कमी लाने का निर्देश दिया।इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए बेहतर गुणवत्ता वाली खेल सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया और नगर परिषद के अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके बाद उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंद पड़े स्विमिंग पूल को जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ संचालित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि जिले के तैराकों और खेल प्रेमियों को इसका लाभ मिल सके।निरीक्षण के अंतिम चरण में उपायुक्त सिद्धू कान्हू स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने खेल छात्रावास की स्थिति का अवलोकन किया और जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि छात्रावास को शीघ्र सुचारू किया जाए।उन्होंने खेल छात्रावास में रहने वाले खिलाड़ियों के लिए बेहतर आवास, भोजन और अभ्यास की उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण मिलेगा तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। जिला प्रशासन खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, नगर परिषद के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।