हजारीबाग झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण JHALSA के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार DLSA हजारीबाग द्वारा 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार हजारीबाग धुर्व चंद्र मिश्रा के निर्देश तथा डीएलएसए सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन एवं मॉनिटरिंग में संचालित हो रहा है।इसी क्रम में बुधवार को डाड़ी प्रखंड अंतर्गत कनकी पंचायत में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशिक्षित अधिकार मित्रों पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान लोगों को महिला उत्पीड़न डायन बिसाही प्रतिषेध अधिनियम बाल विवाह निषेध कानून साइबर अपराध तथा अन्य सामाजिक और कानूनी विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया। साथ ही इन अपराधों से बचाव के उपायों और कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।वक्ताओं ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को यदि कानूनी सलाह या सहायता की आवश्यकता हो तो वह टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर निशुल्क विधिक जानकारी प्राप्त कर सकता है।डीएलएसए सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी के अनुसार यह 90 दिनों तक चलने वाला विशेष अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और किसी भी व्यक्ति को इससे वंचित नहीं रखा जा सकता।उन्होंने बताया कि हजारीबाग जिले के सभी 16 प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में अधिकार मित्र घर-घर जाकर तथा शिविरों के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं।इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्गों को न्याय व्यवस्था से जोड़ना, कानूनी जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत करना है।