जमशेदपुर: आम बागान कालीमंदिर क्षेत्र निवासी और चर्चित भरतनाट्यम नृत्यांगना पल्लवी रॉय ने अपनी 24 वर्षों की साधना में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पल्लवी ने बताया कि उन्हें प्रसार भारती, दूरदर्शन रांची के केंद्रीय नृत्य बोर्ड की ओर से भरतनाट्यम नृत्य शैली में ग्रेड-B प्रदान किया गया है।

पल्लवी के अनुसार, यह ग्रेड 6 मई 2026 को रांची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया था। इसका प्रमाण पत्र उन्हें डाक के माध्यम से 18 अगस्त को उनके आवास पर प्राप्त हुआ। प्रमाण पत्र में उल्लेख किया गया है कि आवश्यकता के अनुसार उन्हें दूरदर्शन के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जा सकता है।

2002 से शुरू किया भरतनाट्यम का सफर

इस उपलब्धि पर पल्लवी रॉय ने खुशी जताते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता और गुरु को दिया। प्रेस वार्ता के दौरान उनके पिता सोमनाथ रॉय भी मौजूद रहे।

उन्होंने बताया कि पल्लवी ने वर्ष 2002 से भरतनाट्यम का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। करीब 24 वर्षों तक लगातार अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बाद मिली यह उपलब्धि उनके और उनके पिता के लंबे समय से देखे जा रहे सपने के पूरा होने जैसा है।

मेहनत और लगन से पूरा हो सकता है हर सपना

पल्लवी रॉय ने भरतनाट्यम का प्रशिक्षण ले रही नृत्यांगनाओं को संदेश देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और त्याग के साथ लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास किया जाए तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।

दूरदर्शन से ग्रेड-B मिलने की खबर से पल्लवी के परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।