हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बड़कागांव थाना पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, शिवाडीह में छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन नहीं चलाने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट रूप से बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए, क्योंकि यह कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनकी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और अन्य सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
सड़क सुरक्षा को लेकर किया गया प्रेरित
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।















