धनबाद जिले के निरसा क्षेत्र स्थित मुगमा एरिया में एक घायल मजदूर को समय पर इलाज नहीं मिलने पर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। घटना बैजना कोलियरी के 31 नंबर इंकलाइन की है जहां ड्यूटी के दौरान वाहन की टक्कर में मजदूर परिमल घोष घायल हो गए।घटना के बाद साथी कर्मियों ने घायल मजदूर को तुरंत मुगमा एरिया के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन वहां चिकित्सक की अनुपस्थिति ने मजदूरों का गुस्सा भड़का दिया। इलाज में देरी से आक्रोशित कर्मियों ने अस्पताल परिसर में जमकर नारेबाजी की और प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।करीब एक घंटे बाद डॉक्टर के पहुंचने पर घायल मजदूर का प्राथमिक उपचार किया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सगतोड़िया अस्पताल रेफर कर दिया गया।मामले को लेकर बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के शाखा सचिव तापस कुमार चटर्जी ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल मजदूरों की आपात स्थिति में इलाज के लिए होता है लेकिन यहां डॉक्टर समय पर मौजूद नहीं रहते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यूनियन आंदोलन करेगी।वहीं मुगमा एरिया के जीएम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं और डॉक्टर भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने इसे संयोग बताते हुए कहा कि मरीज के पहुंचने के समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे लेकिन जल्द ही पहुंचकर इलाज शुरू कर दिया गया।इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्रीय अस्पतालों की कार्यप्रणाली और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।