रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत कुजू मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्रा० ली० प्लांट में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम कर रहा एक मजदूर ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल मजदूर की पहचान विकास चौहान के रूप में हुई है जो ठेकेदार राज चौहान के अधीन काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल मजदूर को इलाज के लिए रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।वहीं स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अक्सर लापरवाही बरती जाती है। मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सुरक्षित कार्य व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जाती जिसके कारण इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं और हमेशा खतरा बना रहता है।मजदूरों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है जिसके कारण मजदूरों की जान जोखिम में पड़ जाती है।