हजारीबाग आगामी रामनवमी और मंगल जुलूस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी एसडीओ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।यह फ्लैग मार्च पेलावल झंडा चौक बड़ा अखाड़ा महावीर स्थान और ग्वालटोली चौक होते हुए पुनः झंडा चौक तक निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस वर्ष रामनवमी के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समिति प्रशासन के आदेश का उल्लंघन करते हुए डीजे बजाते हुए पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि सभी लोग मिल जुलकर शांति भाईचारे और अनुशासन के साथ रामनवमी और मंगल जुलूस का आयोजन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें ताकि यह पर्व शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।