हजारीबाग श्री श्री चैत्र रामनवमी महावीरी झंडा महासमिति 2026 के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चुनावी प्रक्रिया में दिलचस्प मोड़ आ गया है। प्रारंभिक चरण में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन नाम वापसी के दौरान चार प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया। अब अध्यक्ष पद के लिए कुल छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।चुनाव समिति के सदस्य महंत विजयानंद दास बप्पी करण लब्बू गुप्ता संदीप सिन्हा और निशांत प्रधान ने प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।दीप प्रकाश को चक्र छाप अजय दास को स्वास्तिक छाप पुरुषोत्तम को ॐ छाप लड्डू उर्फ करण यादव को त्रिशूल छाप मनीष गोप को गदा छाप और दीपक देवराज को शंख छाप चुनाव चिन्ह दिया गया है। अब सभी प्रत्याशी इन्हीं चिन्हों के साथ अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे।बताया गया कि इस चुनाव में मतदान का अधिकार केवल पंजीकृत अखाड़ों के पदाधिकारियों को दिया गया है। कुल 104 रजिस्टर्ड अखाड़ों के अध्यक्ष और सचिव के साथ-साथ महासमिति के पूर्व 22 अध्यक्ष भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।गौरतलब है कि हजारीबाग में रामनवमी का पर्व काफी भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाया जाता है। ऐसे में रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष का चुनाव शहर में हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है। चुनाव को लेकर विभिन्न अखाड़ों और समर्थकों के बीच भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।अब सभी की नजरें 14 मार्च को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं जिससे यह तय होगा कि रामनवमी 2026 के आयोजन की जिम्मेदारी किसके हाथों में होगी।