हजारीबाग झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा JTET पिछले 10 वर्षों से आयोजित नहीं होने के विरोध में हजारीबाग में अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने जिला परिषद चौक पर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और जल्द परीक्षा आयोजित करने की मांग की।प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि झारखंड में लाखों शिक्षित बेरोजगार युवा लंबे समय से JTET परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के सदस्य जीवन कुमार ने बताया कि झारखंड के 25 वर्षों के इतिहास में JTET परीक्षा अब तक केवल दो बार 2013 और 2016 में आयोजित की गई है। वर्ष 2016 के बाद से अब तक JTET परीक्षा आयोजित नहीं होने से अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में सरकार ने JTET के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कराई थी जिसमें करीब 3.5 लाख अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा था लेकिन बाद में नियमावली को रद्द कर दिया गया जिससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है।वहीं अभ्यर्थी रविंद्र कुमार पासवान ने कहा कि इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है और इसे गंभीर लापरवाही बताया है। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि 31 मार्च 2026 तक हर हाल में JTET परीक्षा आयोजित की जाए, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही JTET परीक्षा की तिथि घोषित नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान राज्य स्तरीय आंदोलन भी किया जाएगा।इस विरोध प्रदर्शन में जीवन कुमार रविंद्र कुमार राधे मेहता विक्रम कुमार मिथिलेश कुमार देव कुमार समेत दर्जनों अभ्यर्थी मौजूद रहे।